Helpline +919415567039 || bd.up@smarthindustan.news

Updated Sat, 08 May 2021 11:35 PM

बदहाल व्यवस्था : बारिश में भीगा केंद्रों और ट्रकों में रखा गेहूं

बदायूं। बृहस्पतिवार देर रात आंधी के साथ शुरू हुई बारिश ने मुसीबत बढ़ा दी। क्रय केंद्रों पर रखा सैकड़ों क्विंटल गेहूं भीग गया। वहीं बारिश से गोदामों पर भी बुरा हाल रहा। खरीद के बाद ट्रकों से भेजा गया गेहूं गोदामों में अंदर नहीं पहुंच पाया। जिसकी वजह से ट्रकों में भी गेहूं के बोरे भीग गए। हालांकि कुछ केंद्रों पर बारिश को लेकर पहले से पर्याप्त इंतजाम किए गए थे। शासन के निर्देश पर जिले में एक अप्रैल से गेहूं खरीद शुरू हुई थी। जिला प्रशासन ने जिले में 121 गेहूं क्रय केंद्र बनाए हैं। लेकिन विभागीय अधिकारी और क्रय केंद्र प्रभारियों की लापरवाही की वजह से जिले में कई क्विंटल गेहूं भीग गया। बृहस्पतिवार देर रात आंधी के साथ तेज बरसात हुई। ऐसे में क्रय केंद्रों पर खुले में पड़ा गेहूं भीग गया। तिरपाल, पन्नी डालकर गेहूं को बचाने की कोशिश की गई थी लेकिन आंधी की वजह से पन्नी फट गई।

संक्रमण से कोऑपरेटिव बैंक के पूर्व जीएम और कोल्ड स्टोर मालिक समेत आठ की मौत

बदायूं। कोरोना संक्रमण का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक के पूर्व जीएम और कोल्ड स्टोर मालिक समेत सात लोगों की मौत हो गई। इनमें चार लोगों का इलाज बरेली के निजी अस्पतालों में चल रहा था। जबकि तीन लोगों को राजकीय मेडिकल कॉलेज में दम तोड़ दिया। अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक के पूर्व जीएम संजय चौधरी पिछले कई दिन से बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती थे। उन्हें कुछ माह पहले ही बैंक से बर्खास्त किया गया था। उन पर गबन का आरोप था। कुछ दिन पहले वह कोरोना संक्रमण के शिकार हुए थे। इससे उनका इलाज बरेली के निजी अस्पताल में चल रहा था। बृहस्पतिवार रात उनकी मौत हो गई। इधर, उझानी में कछला रोड निवासी सतीश चंद्र गुप्ता कोल्ड स्टोर मालिक थे। वह सपा नेता रजनीश गुप्ता के छोटे भाई थे। कुछ दिन पहले उन्हें कोरोना हुआ था। इससे उन्हें बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। शुक्रवार को उनकी मौत हो गई। उझानी के मोहल्ला गद्दी टोला निवासी प्रापर्टी डीलर परशुराम मौर्य ने भी शुक्रवार सुबह बरेली के निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया। इन्हें दो दिन पहले ही बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शहर के मोहल्ला निवासी हरसिंह भंगारी उर्फ हरीश रावत के 25 वर्षीय पुत्र अरुनी भंगारी पिछले कई दिनों से बीमार चल रहे थे। उनका बरेली के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। शुक्रवार को अरुनी भंगारी की मौत हो गई। आवास विकास कॉलोनी निवासी एक और व्यक्ति की बरेली में मौत हुई है। राजकीय मेडिकल कॉलेज में शुक्रवार दोपहर तक तीन लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि इनमें एक संक्रमित गायनी वार्ड, एक इमरजेंसी और एक आइसोलेशन वार्ड में भर्ती था। फिलहाल सभी के शव परिवार वालों को सौंप दिए गए हैं।

आंधी के दौरान कच्ची दीवार ढहने से बुजुर्ग की मौत

उझानी (बदायूं)। आंधी और बारिश के दौरान शुक्रवार तड़के कच्ची दीवार समेत झोंपड़ी में सो रहे बुजुर्ग की मौत हो गई। एक बैल की भी चपेट में आने से जान चली गई। सुबह में परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो दीवार के नीचे दबा पड़ा बुजुर्ग के शव को बाहर निकाला। हादसा शुक्रवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे हुआ। कोतवाली क्षेत्र के गांव रियोनइया के मजरा भुड़िया निवासी अनेकपाल (65) गांव के बाहरी छोर पर बनी झोंपड़ी में सो रहे थे। झोंपड़ी कच्ची दीवारों के ऊपर पड़ी थी। आंधी के दौरान झोंपड़ी के उड़ते ही कच्ची दीवार ढहकर बुजुर्ग अनेकपाल की चारपाई पर गिर गई। मलबे में दबकर बुजुर्ग की मौत हो गई। सुबह में घरवाले मौके पर पहुंचे तो झोपड़ी के पास ही बैल भी दीवार के नीचे मरा पड़ा मिला। इसके बाद मलबा हटाकर अनेकपाल का शव बाहर निकाला। पुलिस के मुताबिक हादसे के दौरान झोंपड़ी में परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं था। परिवार के लोग दूसरे मकान में रहते हैं। बुजुर्ग अनेकपाल पशुओं की देखभाल के लिए झोपड़ी में ही सो जाते थे। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। राजस्व कर्मियों ने भी मौके पर पहुंचकर परिजन से जानकारी की।